Featured

तवाघाट कितना कुछ बताता है हमें

लखनऊ में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार-यायावर-कवि गोविन्द पन्त ‘राजू’ देश के पहले पत्रकार थे जिन्हें अन्टार्कटिका के अभियान में जाने के लिए चुना गया था. नैनीताल से गहरा ताल्लुक रखने वाले गोविन्द पन्त ‘राजू’ ने लम्बे समय तक हिमालय की सुदूरतम उपत्यकाओं में घुमक्कड़ी की है. प्रस्तुत कविता ऐसी ही एक यात्रा से उपजी है. यह कविता सबसे पहले ‘पहाड़’ में छपी थी. इसे वहीं से साभार लिया गया है.

गोविन्द पन्त ‘राजू’

तवाघाट
-गोविन्द पन्त ‘राजू’

काली और धौली
दो प्रतिकूल धाराओं का संगम.
भारत और नेपाल
दो भिन्न मुल्कों की सीमा.
मोटर सड़क का अंतिम सा छोर.
चंद दुकानों का एक जमावड़ा
1997 के भयावह भूस्खलन की दर्दनाक स्मृति
और दारमा-व्यांस-चौंदास का प्रवेश द्वार.

यहीं से उतरे होंगे कभी
जोरावर सिंह की पराजित
थकी हारी सेना के गिने चुने सैनिक
यहीं से गुजरता रहा होगा कभी
तिब्बत का सोना, नमक और सुहागा
यहीं से फैलता रहा होगा कभी
मानसरोवर के साहसी यात्रियों का धर्म सन्देश
और यहीं से फूटते होंगे कभी
घुमंतू जीवन के तमाम जीवंत सुर
आज यहाँ गूंजती हैं
घर से हजारों मील दूर
सीमा की रखवाली पर जाते सैनिकों की पदचाप
ऊपर की घाटियों में बचे
इक्का-दुक्का गांववासियों के कदमों की आहट
एफ़.सी.आई. के खच्चरों की थकी टापें
और लगातार बहती जा रही
जल संपदा का शाश्वत कोलाहल.

तंग पहाड़ों के बीच ऊपर देखते हुए
कितनी भयावह लगती है
यहाँ से पांगू की चढ़ाई,
मनुष्य के साहस की परिक्षा जैसी.

मगर ज्यों-त्यों
ऊपर चढ़ता जाता है आदमी
बौना होने लगता है तवाघाट
चींटी सी हो जाती है
शहरी सभ्यता का दंभ भरती जीप
धुंधला काती है कोलतार की काली-पक्की सड़क
नदी कहीं खो जाती है गहरी घाटी में
पर्वत शिखर बराबरी पर आने लगते हैं
बादल नीचे हो जाते हैं
सितारे और करीब
जैसे यह सब पुरुस्कार हो
मनुष्य के साहस का.
तवाघाट कितना कुछ बताता है हमें.

वाट्सएप में काफल ट्री की पोस्ट पाने के लिये यहाँ क्लिक करें. वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री के फेसबुक पेज को लाइक करें : Kafal Tree Online

काफल ट्री वाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिये यहाँ क्लिक करें: वाट्सएप काफल ट्री

काफल ट्री की आर्थिक सहायता के लिये यहाँ क्लिक करें

Kafal Tree

Recent Posts

बजट में युवाओं के लिए योजना का ढोल है पर उसकी गमक गुम है

उत्तराखंड के आय व्यय लेखे 2026-27 को समझते हुए यह आशंका उभरती है की क्या…

3 weeks ago

जापान में आज भी इस्तेमाल होती है यह प्राचीन भारतीय लिपि

भाषाओं का इतिहास हमेशा रोचक रहा है. दुनिया की कई भाषाओं में ऐसे शब्द मिलते…

3 weeks ago

आज है उत्तराखंड का लोकपर्व ‘फूलदेई’

उत्तराखंड को केवल 'देवभूमि' ही नहीं, बल्कि उत्सवों की भूमि कहना भी बिल्कुल सटीक होगा. यहाँ साल भर…

3 weeks ago

द्वी दिना का ड्यार शेरुवा यौ दुनीं में : अलविदा, दीवान दा

‘यौ डाना कौ पारा, देख्यूंछ न्यारा-न्यारा’ दीवान सिंह कनवाल की आवाज़ में ये गीत पहली कुमाऊनी फ़िल्म…

3 weeks ago

हिमालय को समझे बिना उसे शासित नहीं किया जा सकता

कुमाऊं-गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र के लिए भिन्न प्रशासन, विशेष नीति या मैदानी भागों से भिन्न व्यवस्था…

4 weeks ago

पहाड़ों का एक सच्चा मित्र चला गया

बीते दिन सुबह लगभग चार बजे एक ऐसी खबर आई जिसने कौसानी और लक्ष्मी आश्रम…

4 weeks ago